खलनायिका के रूप में पुनर्जन्म - 10 Fictional world द्वारा फिक्शन कहानी में हिंदी पीडीएफ

Featured Books
श्रेणी
शेयर करे

खलनायिका के रूप में पुनर्जन्म - 10

वेंडरबिल्ट एस्टेट के क्रिस्टल झूमर आज रात अपनी पूरी भव्यता के साथ जगमगा रहे थे। हॉल की संगमरमर की दीवारों से टकराकर शास्त्रीय संगीत की सुरीली धुनें गूंज रही थीं। शहर के अमीर, रसूखदार और नामी चेहरे शैंपेन के गिलासों के साथ हंस-बोल रहे थे। यह पार्टी केट वेंडरबिल्ट के अस्पताल से सुरक्षित लौटने और उसके पूरी तरह ठीक होने के उपलक्ष्य में रखी गई थी।
ऊपरी मंजिल के विशाल कमरे में, बेला आईने के सामने खड़ी थी। उसने गहरे पन्ना हरे (Emerald Green) रंग का एक ऑफ-शोल्डर सिल्क गाउन पहन रखा था। उसकी पीठ का जख्म अब भर चुका था, लेकिन उसका निशान अभी भी वहाँ मौजूद था—एक ऐसा निशान जो उसे हर पल याद दिलाता था कि वह मौत के कितने करीब से गुजरी है। उसके बाल करीने से सँवारे गए थे और गले में हीरों का एक बारीक हार चमक रहा था। शीशे में दिख रही केट इस वक्त किसी क्रूर विलेन की तरह नहीं, बल्कि एक बेहद रहस्यमयी और अलौकिक सुंदरी की तरह लग रही थी।
"लेडी केट, नीचे मेहमान आपका इंतज़ार कर रहे हैं," नौकरानी ने धीरे से दरवाज़ा खोलकर कहा।
बेला ने एक गहरी सांस ली। वह केट के उसी राजसी और बेफिक्र अंदाज़ में सीढ़ियों से नीचे उतरने लगी। जैसे ही उसके सैंडल की आवाज़ गूंजी, हॉल का एक बड़ा हिस्सा उसकी तरफ मुड़ गया। लोग फुसफुसाने लगे, "देखो, वेंडरबिल्ट की इकलौती वारिस वापस आ गई है।"
बेला अभी सीढ़ियों के बीच में ही पहुँची थी कि अचानक हवेली के मुख्य महराबदार दरवाज़े पर हलचल बढ़ गई। भारी दोहरे दरवाज़े खुले, और एक ऐसी लड़की ने अंदर कदम रखा जिसने पूरे हॉल की रोशनी को अपनी तरफ खींच लिया।
वह सफेद रंग के सादे लेकिन बेहद खूबसूरत शिफॉन गाउन में थी। उसके चेहरे पर एक ऐसी सादगी और मासूमियत थी जो इस दिखावटी अमीर दुनिया में किसी ताज़ी हवा के झोंके जैसी थी। उसकी आँखें हिरनी जैसी बड़ी थीं और होठों पर एक कोमल मुस्कान थी।
जैसे ही बेला की नज़र उस पर पड़ी, उसके पैर सीढ़ियों पर ही जम गए। उसका दिल एक पल के लिए धड़कना भूल गया।
"स... सारा..." बेला के मुँह से बहुत धीमी आवाज़ निकली।
उसका दिमाग किसी भयानक चक्रव्यूह की तरह घूमने लगा। यादों के पन्ने तेज़ी से पलटने लगे। सारा वेंडरबिल्ट। केट की बड़ी सौतेली बहन। और सबसे बड़ी बात... इस पूरे वेब-नॉवेल की 'ओरिजिनल हीरोइन'।
मूल कहानी के हिसाब से, केट ने हमेशा दुनिया के सामने सारा से बहुत प्यार करने का नाटक किया था, लेकिन पीठ पीछे वह उससे नफरत करती थी। वेंडरबिल्ट साम्राज्य की इकलौती मालकिन बनने के जुनून में, केट ने आगे चलकर कंपनी के शेयरों और जायदाद के लिए सारा की जान ले ली थी। और यही वह मोड़ था जिसने ईथन को एक खूंखार राक्षस बना दिया था।
बेला के माथे पर पसीने की एक ठंडी बूंद उभरी। उसने अपनी मुट्ठियाँ भींचीं, "अगर सारा को इस दुनिया में एक खरोंच भी आई... तो सीक्वल का जो माफिया किंग ईथन बनेगा, वह मुझे सिर्फ मारेगा नहीं... वह मेरी रूह को तड़पा-तड़पा कर हवा में उड़ा देगा। मुझे सारा को हर कीमत पर बचाना होगा, केट के उस काले अतीत से भी और इस दुनिया के हर खतरे से भी।"
तभी उसे एक और बात याद आई जिसने उसके रोंगटे खड़े कर दिए। मूल नॉवेल में, ईथन को इस वेंडरबिल्ट साम्राज्य की पार्टी में चोरी-छिपे आना था, और इसी पार्टी में उसे सारा से 'पहली नज़र का प्यार' होना था। यही प्यार आगे चलकर ईथन की जिंदगी का एकमात्र मकसद बनने वाला था।
केट! तुम कैसी हो मेरी छोटी बहन?" सारा की आवाज़ किसी वीणा की तान जैसी मीठी थी। वह कई दिनों बाद विदेश से एक बिज़नेस ट्रिप से लौटी थी। वह लगभग दौड़ती हुई सीढ़ियों की तरफ बढ़ी, उसकी आँखों में केट के लिए सच्ची फिक्र थी।
"मैं... मैं ठीक हूँ, सारा," बेला ने मुस्कुराने की कोशिश की, लेकिन उसका ध्यान हॉल के मुख्य दरवाज़े पर ही अटका हुआ था।
ठीक उसी पल, मेहमानों की भीड़ को चीरता हुआ एक साया हॉल के पिछले हिस्से से दाखिल हुआ। वह काले रंग के एक साधारण लेकिन बेहद फिटिंग वाले सूट में था। उसके बाल सलीके से पीछे की तरफ सेट थे। उसके चेहरे पर वही बर्फ जैसी ठंडी खामोशी थी, लेकिन उसकी आँखों की गहराई आज रात किसी ब्लैक होल जैसी थी।
ईथन।
वह यहां एक बेहद जरूरी काम के लिए आया था मिस्टर जेम्स से मिलने जो आज इस पार्टी में आने वाले थे। 
सारा सीढ़ियों की आखिरी पट्टी पर पहुँची ही थी कि उसके गाउन का निचला हिस्सा उसकी हील में फंस गया। उसका संतुलन बिगड़ा और वह हवा में लहरा गई। "आह!" सारा की एक छोटी सी चीख निकली और वह सीधे नीचे संगमरमर के फर्श की तरफ गिरने लगी।
हॉल में मौजूद लोग चौंके, लेकिन कोई भी इतनी दूरी पर नहीं था जो उसे थाम सके।
तभी, पलक झपकते ही एक मजबूत हाथ आगे बढ़ा। ईथन वही थोड़ी दूरी पर मौजूद था। उसने गिरने से ठीक एक इंच पहले सारा की पतली कमर में अपना हाथ डाला और उसे अपनी चौड़ी छाती से लगा लिया। सारा के बिखरे हुए बाल ईथन के चेहरे को छूकर गुज़रे।
समय जैसे कुछ सेकंड के लिए ठहर गया।
शास्त्रीय संगीत की धुनें बैकग्राउंड में मद्धम हो गईं। सारा की साँसें तेज़ थीं। जब उसने अपनी आँखें खोलीं और ऊपर देखा, तो उसे ईथन का बेहद तीखा, मर्दाना और गंभीर चेहरा दिखाई दिया। ईथन की गहरी आँखें उसे थामे हुए थीं। सारा का दिल एक अजीब सी रफ्तार से धड़कने लगा। पहली ही नज़र में, ईथन का वह शांत और रक्षक रूप सारा के दिल के किसी कोने में हमेशा के लिए दर्ज हो गया।
"आप ठीक हैं?" ईथन की आवाज़ गहरी और शांत थी।
"ह... हाँ, शुक्रिया," सारा ने अपनी पलकें झुकाते हुए कहा, उसका चेहरा हल्का सा गुलाबी हो उठा था।