नदी का पानी टोनी के खून से लाल हो चुका था। पानी की सतह पर उठते बुलबुले अब शांत हो चुके थे, जिसका मतलब था कि टोनी अब इस दुनिया में नहीं रहा। ऐशली की चीखें जंगल के सन्नाटे को चीर रही थीं। वह घुटनों के बल कीचड़ में बैठी पागलों की तरह अपना सिर पीट रही थी। बिल की आँखें फटी की फटी थीं; उसका सबसे पक्का दोस्त उसकी आँखों के सामने एक मगरमच्छ का निवाला बन गया था।
अचानक ऐशली झटके से उठी और उसने लारा को दोनों हाथों से पीछे की तरफ़ धक्का दे दिया। ऐशली का चेहरा गुस्से से लाल था और उसकी आँखों में पागलपन सवार था। वह चिल्लाई,
"मर्डरर! खूनी हो तुम लारा! तुमने टोनी को मार डाला! अगर तुम बिल और पॉल का हाथ नहीं पकड़तीं, तो वे टोनी को पानी से बाहर खींच लेते। तुमने जानबूझकर उसे मरने दिया!"
रोज़ी भी अपने नीले पड़ चुके हाथ को थामे आगे बढ़ी, उसकी आवाज़ में ज़हर घुला था,
"ऐशली सही कह रही है। यह लड़की शुरू से हमसे जलती है। इसके डैड फॉरेस्ट रेंजर या जो भी घटिया वैज्ञानिक हैं, इसने जानबूझकर टोनी को उस तरफ़ जाने दिया ताकि हमारा एक बंदा कम हो सके। तुम कोई लीडर नहीं हो लारा, तुम एक चुड़ैल हो!"
सोफिया तमतमा कर आगे बढ़ी और ऐशली के सामने आ खड़ी हुई,
अपनी बकवास बंद करो ऐशली! अगर लारा तुम्हें पीछे नहीं खींचती, तो आज टोनी के साथ तुम भी उस केमैन के पेट में होतीं। और रोज़ी, भूल गई कि 10 मिनट पहले लारा ने ही तुम्हारी जान बचाई थी? एहसानफ़रामोश लड़कियों, शर्म करो!"
मैट ने बैसाखी के सहारे आगे बढ़ने की कोशिश की, उसने ऐशली का हाथ पकड़कर पीछे खींचा,
"ऐशली, होश में आओ! लारा की कोई गलती नहीं है। टोनी खुद हमारी बात सुने बिना आगे भागा था। अगर बिल और पॉल पानी में कूदते, तो वो मगरमच्छ उन दोनों को भी मार डालता।"
लेकिन मैट का लारा का साथ देना ऐशली को और ज़्यादा चुभ गया। उसने मैट का हाथ झटक दिया,
"तुम भी इस गरीब लड़की के पल्लू से बंध गए हो मैट? ये तुम्हें अपने जाल में फंसा रही है और तुम समझ नहीं रहे हो!"
"बस करो!!
लारा की कड़क और भारी आवाज़ गूंजी। उसने अपनी तीखी नज़रें ऐशली और रोज़ी पर गड़ाईं। लारा ने कहा,
"मुझे तुम्हारे इल्ज़ामों से कोई फर्क नहीं पड़ता। तुम्हें जो सोचना है सोचो। मेरे लिए तुम दोनों का घमंड और तुम्हारी ये जाहिलियत इस कीचड़ से ज़्यादा गंदी है। बिल, उठो! यहाँ खड़े रहना मौत है। केमैन को खून का चस्का लग चुका है, वो दोबारा आ सकता है।"
लेकिन बिल अपनी जगह से नहीं हिला। वह सुन्न हो चुका था। उसने रोते हुए कहा,
"मैं कहीं नहीं जा रहा... टोनी चला गया। मेरी वजह से गया... मैं उसे नहीं बचा पाया।"
पॉल ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन बिल ने उसे धक्का दे दिया और अकेले ही नदी के किनारे जमी उस घनी घास और झाड़ियों की तरफ़ भागने लगा,
"टोनी! मैं आ रहा हूँ भाई!"
"बिल, रुको! उस तरफ़ मत जाओ, वो दलदली इलाका है!"
लारा चिल्लाई और उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ी। मैट, पॉल और सोफिया भी पीछे भागे। ऐशली और रोज़ी वहीं कीचड़ में खड़ी नफ़रत से उन्हें देखती रहीं, उन्होंने हिलने तक की जहमत नहीं उठाई।
बिल पागलों की तरह ऊँची घास को हटाता हुआ आगे भाग रहा था। उसे न लारा की आवाज़ सुनाई दे रही थी, न अपनी जान की परवाह थी। वह नदी के एक ऐसे दलदली कोने में जा पहुँचा जहाँ धूप बिल्कुल नहीं थी और पेड़ों से घनी लपटें नीचे लटक रही थीं। अचानक, बिल का पैर एक छिपे हुए गड्ढे में फंसा और वह औंधे मुंह गिरा।
वह जैसे ही उठने लगा, पेड़ों की घनी टहनियों के बीच से एक भयानक सरसराहट हुई। वह कोई मगरमच्छ या सांप नहीं था। वह अमेज़न का एक और जानलेवा और फुर्तीला शिकारी था—'जगुआर' (Jaguar), लेकिन यह वो रात वाला ब्लैक जगुआर नहीं था, यह पीले और काले चकत्तों वाला एक विशाल नर तेंदुआ था, जो पेड़ की डाल पर बैठकर अपने शिकार का इंतज़ार कर रहा था।
बिल ने जैसे ही ऊपर देखा, उसकी आखिरी चीख भी उसके हलक में ही घुट गई। जगुआर ने पेड़ से सीधे बिल के ऊपर छलांग लगाई। उसके लोहे जैसे मज़बूत पंजे सीधे बिल की छाती में धंस गए और उसके नुकीले दांतों ने एक ही झटके में बिल की गर्दन की हड्डी को चटका दिया। बिल का तड़पना सिर्फ़ तीन सेकंड के अंदर बंद हो गया।
लारा, सोफिया, मैट और पॉल जब तक झाड़ियों को हटाकर वहाँ पहुँचे, उनके सामने का नज़ारा दिल दहला देने वाला था। वह खूंखार जगुआर बिल की लाश को अपने मुंह में दबाए, बिजली की फुर्ती से सामने के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ रहा था। अमेज़न के तेंदुए अपने शिकार को ज़मीन पर नहीं खाते, वे उसे सुरक्षित रखने के लिए पेड़ के ऊपर ले जाते हैं। पेड़ की डालियों से बिल का खून नीचे टपक रहा था और उसकी बेजान आँखें नीचे खड़े दोस्तों को देख रही थीं।
पॉल ने खौफ के मारे अपने दोनों हाथों से अपना मुंह बंद कर लिया, उसके घुटने टिक गए। मैट ने अपनी आँखें बंद कर लीं। कुछ ही घंटों के भीतर उनके ग्रुप के दो लड़के खत्म हो चुके थे। लारा ने कांपती सांसों के साथ पीछे मुड़कर देखा, जहाँ दूर ऐशली और रोज़ी अभी भी खड़ी थीं। लारा ने धीरे से कहा,
"अब इस ग्रुप में सिर्फ़ 6 लोग बचे हैं... और अगर इन लड़कियों की बकवास बंद नहीं हुई, तो अगला नंबर इन्हीं का होगा।"
जंगल का नर्क अब अपना पूरा रूप दिखा चुका था... (जारी है)