क्रैश एंड सर्वाइवल (अमेज़न डायरीज़) - 13 Shaziya Khan द्वारा थ्रिलर में हिंदी पीडीएफ

Featured Books
श्रेणी
शेयर करे

क्रैश एंड सर्वाइवल (अमेज़न डायरीज़) - 13

एपिसोड 8 (कीचड़ में दफन)


पिराना मछलियों को पानी की सतह पर तैरते देख ऐशली खौफ से पीछे गिर पड़ी थी। प्यास का दर्द अपनी जगह था, लेकिन आँखों के सामने तैरती मौत ने सबके हलक सुखा दिए थे। लारा ने बिना वक्त गंवाए अपने पिता की सिखाई एक और तरक्की निकाली। उसने नदी से थोड़ी दूर लगे एक मोटे 'बैंबू' (बांस) के तने को अपने चाकू से काटा। अमेज़न के कुछ खास बांसों के अंदर और उनकी जड़ों के पास एकदम साफ़ और पीने लायक पानी जमा रहता है, जो बारिश का छना हुआ पानी होता है।


लारा ने बांस के टुकड़े को काटा तो उसमें से साफ़ पानी की धार बह निकली। सोफिया ने तुरंत आगे बढ़कर अपनी बोतल में वो पानी भरा। लारा ने पहले सोफिया को पानी पिलाया, फिर खुद पिया और बाकी पानी ग्रुप की तरफ़ बढ़ा दिया। बिल, पॉल और मैट ने राहत की सांस लेते हुए पानी पिया, लेकिन ऐशली और रोज़ी ने पानी लेते वक्त भी लारा को शुक्रिया नहीं कहा; उनकी आँखों में नफ़रत और जलन साफ़ दिख रही थी कि इस नर्क में भी वे एक 'स्कॉलर' के रहमोकरम पर ज़िंदा हैं।


"अब हमें नदी के किनारे-किनारे आगे बढ़ना होगा, क्योंकि नदियाँ हमेशा किसी न किसी इंसानी बस्ती या बड़ी नाव के रास्ते तक पहुँचाती हैं,"

लारा ने अपना बैग संभालते हुए कहा। लेकिन नदी का किनारा बेहद खतरनाक था। वहाँ की मिट्टी सूखी नहीं थी, बल्कि घने कीचड़ और दलदल से भरी थी, जिसके ऊपर बड़ी-बड़ी घास उगी हुई थी।


टोनी का दर्द के मारे बुरा हाल था, उसका बुखार बढ़ चुका था और बिल के सहारे चलने के बावजूद उसके पैर कीचड़ में लड़खड़ा रहे थे। पॉल रोज़ी को संभाल रहा था, जो अब भी अपने हाथ को देख-देखकर लारा को कोस रही थी। ऐशली मैट का हाथ पकड़कर सबसे पीछे चल रही थी और बार-बार बड़बड़ा रही थी कि उसके महंगे कपड़े इस कीचड़ में सड़ रहे हैं।


वे नदी के मोड़ पर घनी घास के बीच से गुज़र ही रहे थे कि अचानक लारा के कदम रुक गए। हवा में एक अजीब सी सड़न और सड़े हुए मांस की बदबू आ रही थी। लारा ने हाथ उठाकर सबको रुकने का इशारा किया,

"सब लोग रुक जाओ! कोई अपनी जगह से नहीं हिलेगा। यहाँ आस-पास कोई बहुत बड़ा शिकारी है।"


"ओह कम ऑन लारा! अब अपनी नौटंकी बंद करो। हर जगह तुम्हें शिकारी ही दिखता है!"


ऐशली ने चिढ़कर कहा और लारा की बात को अनसुना करते हुए टोनी और बिल को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने लगी। टोनी भी दर्द से इतना तंग आ चुका था कि उसने बिल का हाथ झटका और बोला,

मुझे बस इस कीचड़ से बाहर निकलना है!"

वह ऐशली के पीछे-पीछे नदी के ठीक किनारे जमी घास की तरफ़ बढ़ गया।


"टोनी, ऐशली! रुको! वो सूखी ज़मीन नहीं है!"

लारा चिल्लाई, लेकिन बहुत देर हो चुकी थी। टोनी ने जैसे ही एक झुकी हुई झाड़ी पर पैर रखा, वह झाड़ी कोई पौधा नहीं थी। वह कीचड़ और पानी के रंग में छुपा हुआ एक 12 फीट लंबा, खूंखार 'ब्लैक केमैन' (काला मगरमच्छ) था। उसकी चमड़ी बिलकुल काली और पत्थरों जैसी सख्त थी।


इससे पहले कि टोनी पीछे हट पाता, केमैन ने अपनी बिजली जैसी तेज़ रफ़्तार से अपना विशालकाय जबड़ा खोला और टोनी के पैर को दबोच लिया। टोनी के मुंह से एक ऐसी चीख निकली जिसने पूरे अमेज़न के जंगल को कँपा दिया,

भाई! बचाओ! मेरा पैर... आह!"


ऐशली जो ठीक बगल में थी, खौफ के मारे वहीं कीचड़ में गिर पड़ी और पागलों की तरह पीछे की तरफ़ रेंगने लगी। केमैन ने अपनी भारी पूंछ को ज़मीन पर पटका और टोनी को घसीटते हुए नदी के गहरे पानी की तरफ़ ले जाने लगा। टोनी ने अपने दूसरे हाथ से कीचड़ को पकड़ने की कोशिश की, उसकी उंगलियाँ मिट्टी में धंस गईं,


"मैट! बिल! मुझे निकालो! मैं मरना नहीं चाहता!"


बिल और पॉल पागलों की तरह आगे बढ़े, लेकिन लारा ने दोनों को खींचकर पीछे पटक दिया,

"पागल हो गए हो क्या? पानी में मत जाना! वहाँ उसके इलाके में तुम उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते, वह तुम सबको भी खींच लेगा!"

मैट अपने घायल पैर के साथ तड़प उठा, वह कुछ नहीं कर पा रहा था।


नदी का साफ़ पानी पल भर में टोनी के खून से लाल हो गया। केमैन ने पानी के अंदर ले जाकर अपनी सबसे खतरनाक तकनीक 'डेथ रोल' (Death Roll) शुरू कर दी—वह टोनी को पकड़कर पानी में गोल-गोल घूमने लगा। टोनी का हाथ एक आखिरी बार पानी से ऊपर उठा, उसकी आँखें फटी हुई थीं और चेहरे पर मौत का वो खौफ था जिसे ये 6 अमीर बच्चे कभी भूल नहीं सकते थे। अगले ही पल, टोनी हमेशा के लिए पानी के नीचे गहरे अंधेरे में गायब हो गया। नदी की सतह पर सिर्फ़ लाल खून और टोनी का एक फटा हुआ जूता तैर रहा था।


पूरे ग्रुप में एक ऐसा सन्नाटा छा गया मानो सबकी रूह फना हो गई हो। ऐशली ज़मीन पर बैठी पागलों की तरह चीख रही थी, रोज़ी ने खौफ के मारे पॉल को कसकर पकड़ रखा था और बिल अपने घुटनों के बल बैठकर रो रहा था। उनका एक दोस्त उनकी आँखों के सामने तड़प-तड़प कर मर चुका था। इस घटना ने उनके दिलों में लारा की बात को पत्थर की लकीर बना दिया था, लेकिन ऐशली और रोज़ी के मन का डर अब लारा के लिए एक कड़वी नफ़रत में बदल रहा था कि लारा ने टोनी को बचाने की कोशिश क्यों नहीं की... (जारी है)